रामगढ़ । पन्नूगंज थाना क्षेत्र के चतरा बाजार में बृहस्पतिवार की रात तीन दुकानों के छत का शेड हटाकर चोरों ने हजारों रुपये के सामानों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना का खुलासा शुक्रवार को होने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चतरा ब्लाक में परसौटी गांव निवासी संदीप मौर्या पुत्र सत्यनारायण मौर्या की घड़ी की दुकान है। संदीप शुक्रवार की सुबह नौ बजे दुकान पहुंचे। दुकान का मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर गए तो देखा कि चोरों ने शेड हटा कर चोरी कर लिया है। उन्हें समझते देर नहीं लगी कि चोरों ने घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने सामानों का मिलान किया तो दुकान से 60 हजार रुपये मूल्य की घड़ी और लैपटॉप गायब मिला। संदीप के पड़ोस के अमीर चंद्र मौर्या पुत्र सुदर्शन मौर्या निवासी चतरा के दुकान से 12 हजार नकद और दवा की चोरी हुई है। यहीं के विवेक गुप्ता पुत्र ओंकारनाथ गुप्ता के स्टेशनरी की दुकान से हजारों की चोरी हुई है। तीनों दुकानदारों ने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण तो किया लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई। पुलिस का कहना था कि मामले की जांच की जा रही है। तीन दुकानों में एक ही रात में चोरी से दुकानदारों में दहशत है और वे पुलिस की गश्त कराए जाने की मांग की है।