बीजपुर। म्योरपुर ब्लाक के ग्राम पंचायत महरी कला में सरकारी सस्ते गल्ले के दुकानदार की मनमानी से ग्रामीण परेशान है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर न्याय की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि कोटेदार के मनमानी की शिकायत डीएम से की गई थी। डीएम ने आपूर्ति निरीक्षक म्योरपुर सुरेश कुमार को 21 जुलाई को जांच का आदेश दिया था। जांच में खुलासा हुआ कि 17 अंत्योदय व 107 पात्र गृहस्थी के कार्ड धारकों को खाद्यान्न नहीं दिया जा रहा है। जिसमें कोटेदार की कमी पाई गई लेकिन इसके बावजूद डीएम के जांच के आदेश को दबा दिया गया। हालत यह है कि जांच के बाद कार्रवाई न होने से कोटेदार का हौसला बढ़ गया और वह आज भी मनमानी कर रहा है। अपना दल एस के जयचंद ने शिकायती पत्र भेजकर जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की है। आपूर्ति निरीक्षक म्योरपुर सुरेश कुमार ने बताया कि वक्त कोटेदार की दुकान के खाद्यान्न की निकासी दूसरे कोटेदार की दुकान से अटैच कर दिया गया है और कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।