भूमि विवाद में धारदार हथियार से वृद्ध की हत्या
हत्या कर शव को खेत में फेंका, सीओ मौके पर पहुंचे
सेवालाल बैसवार अपने खेत पर मचान पर सो रहा था
परसौना से पुलिस ने चारों अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के परसौना गांव में मंगलवार की रात वृद्ध की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मामला जमीनी विवाद का बताया जा रहा है। सेवालाल बैसवार (65) अपने घर से कुछ दूर खेत में मचान पर सोया हुआ था। गांव के ही कुछ लोगों पर आरोप है कि उन लोगों ने सेवालाल की हत्या कर दी और लाश को खेत में फेंक कर फरार हो गए। इसकी जानकारी मिलने पर सीओ विवेकानंद तिवारी ने घटनास्थल का जायजा लिया। बुधवार को परसौना गांव से पुलिस ने नामजद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के मुताबिक शिवद्वार गांव निवासी सेवालाल बैसवार (65) पुत्र धनई परसौना गांव निवासी रामपति कोल से तीन बीघा जमीन खरीद था। उक्त जमीन का खारिज दाखिल हो गई है और वह उस पर काबिज भी है। वर्तमान में सेवालाल परसौना गांव में ही घर बनवाकर अपनी पत्नी जीरवा, बहू उर्मिला के साथ परसौना रह रहा था। सोमवार की सांय करीब चार बजे सेवालाल ट्रैक्टर से खेत की जुताई करवा रहा था। उसी समय उसी के गांव के चार लोगों ने पहुंच कर सेवालाल को जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। रात्रि में करीब सवा दस बजे कुछ लोग मचान पर सो रहे सेवालाल को जगाने लगे तो मचान से उतरकर सेवालाल भागने लगा। लेकिन हमलावरों ने उसे पकड़ कर धारदार हथियार से हत्या कर शव को पानी भरे खेत में फेंक दिया। मंगलवार की अलसुबह परिजन खेत पर गए तो मचान से करीब बीस मीटर दूर खेत में सेवालाल का शव पड़ा था। फोर्स के साथ प्रभारी निरीक्षक ने मौके पर पहुंच कर उच्चाधिकारियों को घटना जानकारी दी। सीओ विवेकानंद तिवारी ने बताया शिवद्वार गांव निवासी मृतक के बेटे राजेंद्र की तहरीर पर रामपति कोल, लोकपति कोल पुत्रगण स्वं सन्नी कोल, उमाशंकर कोल पुत्र रामपति एवं सौरभ कोल पुत्र लोकपति कोल के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर उन्हेें गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों ने भूमि विवाद में हत्या करने की बात स्वीकार की है। सभी का चालान कर दिया गया।
चार के खिलाफ केस दर्ज
सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के कम्हारडीह गांव में मंगलवार को दंपती को मारपीट कर घायल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस के मुताबिक घर में घुस कर जगेश्वर और उसकी पत्नी शोभावती को पीटने के मामले में चमेरबांध गांव निवासी रामबली, विजेंद्र, पत्तू और जोखू के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मंगलवार को आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश भी दी, लेकिन एक भी आरोपी पुलिस के गिरफ्त में नहीं आया।