सोनभद्र। सोन नदी पर अवैध रूप से पुल बनाकर खनन करने और कोन थाना क्षेत्र के बरहमोरी में संचालित बालू साइड पर बरती जा रही अनियमितता के विरोध में रविवार को सोनांचल सघर्ष वाहिनी के बैनर तले ग्रामीणों ने सलैयाडिह रोगही में प्रदर्शन किया। कहा कि ओवरलोड बालू लदे ट्रकों के गुजरने से कनहर में स्थित पुल के क्षतिग्रस्त होने की बात कही। उन्होंने बालू ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
मुख्य अतिथि दुद्धी विधायक हरिराम चेरो ने कहा कि बालू का ठेकेदार सोन नदी की जलधारा बांध कर नदी की अस्तित्व खत्म कर देना चाहता है। सरकार बेरोजगारों को रोजगार मुहैया कराने के लिए प्रयासरत है। बावजूद इसके ठेकेदार द्वारा मजदूरों से बालू लोड ट्रकों पर नहीं कराया जा रहा है। बालू लोडिंग में मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। मशीनों के आवाजों से जलीय जंतु पर भी खतरा मंडराने लगा है। वन विभाग ने ठेकेदार को एनजीटी का उल्लंघन करने के लिए मौन स्वीकृति दे रखी है। वाहिनी के सयोंजक रोशन लाल यादव ने कहा कि क्षेत्र की लाइफ लाइन कही जाने वाली कनहर नदी में बना पुल बालू लदे ओवरलोड ट्रकों के आने-जाने से दरारें आ गई है। ओवरलोड ट्रकों से क्षेत्र की पुल, पुलिया और क्षतिग्रस्त होने की कगार पर पहुंच गई है। बावजूद इसके जिला प्रशासन मौन धारण किया हुआ है। चेतावनी देते हुए कहा कि अविलंब ओवरलोड वाहनों का संचालन बंद नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में वृहद आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने मौके पर मौजूद सदर एसडीएम शादाब असलम को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित मांगपत्र सौंपा। पुष्पेंद्र, आकाश, अमरनाथ, विजय, अवधेश, मुकेश, रामकुमार आदि मौजूद रहे।