दुद्धी।नगर के लोगों को जल्द ही पर्याप्त शुद्ध पेयजल की उपलब्धता शुरू हो जाएगी। इसके लिए दुद्धी नगर पंचायत प्रशासन की तरफ से पहल शुरू कर दी गई है। इसको लेकर कार्ययोजना भी बना ली गई है। जल्द आरओ प्लांट स्थापित करने का भी काम शुरू कर दिया जाएगा। आरओ प्लांट पर नि:शुल्क पानी उपलब्ध होगा। वहीं न्यूनतम शुल्क लेकर घर-घर भी पानी पहुंचाया जाएगा।
बताते चलें कि नगर के लोग लंबे समय से शुद्ध पेयजल के लिए आरओ प्लांट बैठाने की मांग कर रहे थे। नगर पंचायत अध्यक्ष राजकुमार अग्रहरि ने बताया कि वार्ड सात में कलकली बहरा ,वार्ड चार में तिवरान टोला, वार्ड सात में रेलवे फाटक के पास, वार्ड 11 में मिशन कैंपस, वार्ड चार में बियार टोला, वार्ड दो में कर्बला के पास आरओ प्लांट लगाने की तैयारी है। सब कुछ ठीक रहा तो एक सप्ताह में इसकी स्थापना कर दी जाएगी। बताया कि नगरवासी आरओ प्लांट पर जाकर नि:शुल्क पानी ले सकते हैं। मांग के अनुसार घर पर भी रोजाना पानी पहुंचाया जाएगा। यह भी नि:शुल्क होगा। सिर्फ किराए के रूप में प्रति बीस लीटर पांच रुपये लिए जाएंगे।