सोनभद्र (डाला)। रामलीला मैदान के समीप मुख्य मार्ग पर मंगलवार की दोपहर में रोडवेज बस में बालू लदे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बस में सवार छह यात्री चोटहिल हो गए। घटना दोपहर 12.30 बजे की है। रेणुकूट से राबर्ट्सगंज आ रही रोडवेज बस रामलीला मैदान के पास सवारी उतारने के लिए रूकी थी। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बालू लदी ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में सवार रेणुकूट की रेनु कुमारी(25), म्योरपुर की पूजा कुमारी(05), बैरपान निवासी राहुल कुमार (18) सहित छह चोटहिल हो गए। पुलिस एवं लोगों की मदद से सभी घायलों को बस से निकलवाकर निजी अस्पताल में इलाज कराया गया। इसके बाद बस को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। उधर पुलिस ने हादसे के बाद भागने का प्रयास कर रहे ट्रक को चालक सहित हिरासत में ले लिया।