सोनभद्र। सदर ब्लॉक प्रमुख पंकज पटेल के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा चार जनवरी को सदर ब्लॉक सभागार में होगी। जिलाधिकारी पीके उपाध्याय ने इसके लिए तिथि निर्धारित कर दी है और एसडीएम को इस बैठक की अध्यक्षता की जिम्मेदारी सौंपी है।
राबर्ट्सगंज ब्लॉक मेें कुल 148 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। प्रमुख पद की सीट पिछड़े वर्ग के लिए आरक्षित है। यहां पंकज पटेल ब्लॉक प्रमुख हैं। सपा की सत्ता के दौरान हुए ब्लॉक प्रमुखी के चुनाव में पंकज ने जीत हासिल की थी। इसके बाद सत्ता बदलते ही उन्होंने अपना दल का दामन थाम लिया। अपना दल का भाजपा से गठबंधन है। इससे उम्मीद जताई जा रही थी कि अब उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव क्षेत्र पंचायत सदस्य नहीं लाएंगे। लेकिन क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने मोर्चा खोल दिया। दिसंबर में सदस्यों ने कलेक्ट्रेट पर पहुंचकर प्रमुख के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया और डीएम को पत्रक सौंपकर प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की थी। डीएम ने चार जनवरी को अविश्वास पर चर्चा की तिथि निर्धारित कर दी है। साथ ही एसडीएम को अध्यक्षता की जिम्मेदारी सौंपी है। एडीओ पंचायत सदर अजय सिंह ने बताया कि अविश्वास पारित होने के लिए पचास फीसदी से अधिक मत होना जरूरी है।