सोनभद्र। जिला विद्यालय निरीक्षक राजशेखर सिंह ने मंगलवार को छह विद्यालयों का निरीक्षण किया। विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरा, विद्यालय भवन, फर्नीचर, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, चहारदीवारी आदि के बारे में जानकारी ली। डीआईओएस ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं में परीक्षा केंद्र निर्धारण के लिए कालेजों का निरीक्षण किया गया। इसमें हंसवाहिनी इंटर कालेज कसया, महात्मा गौतम बुद्ध इंटर कालेज पांपी, एसपी चिल्ड्रेन इंटर कालेज बगही, मोती सिंह इंटर कालेज कर्मा, बाबा विहारी इंटर कालेज भरकवाह की जांच की गई। बताया कि प्रधानाचार्यों का निर्देशित किया गया है कि सभी लोग अपने अपने विद्यालय पर भौतिक सत्यापन होने तक प्रात: छह बजे से शाम छह बजे तक उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि मानक पूरा न करने वाले विद्यालयों को कदापि परीक्षा केंद्र नही बनाया जाएगा। साफ सुथरी छबि वाले विद्यालय ही परीक्षा केंद्र बनाये जाएंगे। जुगाड़ से बने पूर्व के केंद्रों को निरस्त कर अच्छे विद्यालयों को चिन्हित कर केंद्र बनाया जायेगा।