अनपरा। अनपरा तापीय परियोजना के दौरे पर आए अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक कामरान रिजवी का अभियंताओं ने स्वागत किया। बुधवार को प्रबंध निदेशक को अभियंता संघ ने छह सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। इंजीनियरों ने हॉस्पिटल में डॉक्टरों की कमी को दूर करने समेत अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की।
प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि उत्पादन प्रोत्साहन भत्ता, निर्माण भत्ता लागू करते हुए अन्य भत्तों का पुनरीक्षण संबंधित आदेश निर्गत करने, नए पदों को सृजत करने और रिक्त पदों पर प्रोन्नति की मांग की। मुख्य अभियंता स्तर एक के प्रोन्नति के संबंध में न्यायालय में चल रहे वाद की पैरवी कर जल्द से जल्द निस्तारित कराने की मांग की। कहा कि 2003 और 2008 बैच के अभियंताओं का समयबद्ध वेतनमान के आदेश जारी हो। प्रस्तावित शॉपिंग कांप्लेक्स और स्टेडियम का निर्माण और ऑडिटोरियम का सुधार कराया जाए। हॉस्पिटल में चिकित्सक और आवश्यक उपकरणों की समस्याओं को दूर करने पर जोर दिया। अध्यक्ष सह प्रबंधन निदेशक ने संघ के प्रतिनिधि मंडल को आश्वासन देते हुए कहा कि समस्याओं को दूर करने के लिए शीघ्र कार्यवाही की जाएगी। वार्ता के दौरान निदेशक तकनीकि बीएस तिवारी, तकनीकी सलाहकार आरबी पांडेय, अनपरा परियोजना प्रमुख एवं समन्वयक अखिलेश सिंह, मुख्य अभियन्ता (स्तर2) सीपी मिश्र, अभियंता संघ के सहायक सचिव मणीन्द्रनाथ और क्षेत्रीय सचिव आलोक कुमार श्रीवास्तव उपस्थित रहे। अध्यक्ष सह प्रबंधन निदेशक का स्वागत संघ के अध्यक्ष जीके मिश्रा ने किया।