शक्तिनगर। इलाके के खड़िया बाजार में शुक्रवार की दोपहर मुख्य सड़क पर पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े में ऐसा हंगामा हुआ कि कुछ देर के लिए मौके पर आवागमन ठप हो गया। पुलिस भी बेबस हो गई।
क्षेत्र के बीना पुलिस चौकी इलाके के रहवासी एक दंपती किसी कार्य से शक्तिनगर गए थे। दोपहर में लौटते वक्त किसी बात को लेकर पति-पत्नी की खड़िया बाजार में तकरार हो गई। इस पर पति ने पत्नी पर हाथ छोड़ दिया। कुछ लोग बीच बचाव में उतरे तो पति बिफर गया और मुख्य मार्ग पर लेट गया। इसी के बाद एक एक कर वाहन खड़े होने लगे और सड़क के दोनों तरफ जाम लग गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दंपती को सड़क से हटाने का प्रयास किया लेकिन आपस में लड़ रहे मिया-बीवी एक हो गए और पुलिस से भिड़ गए। इसी बीच महिला ने किसी बड़े पुलिस अधिकारी को मोबाइल से बात की। थोड़ी देर बाद थानाध्यक्ष भारत भूषण तिवारी किसी बड़े पुलिस अधिकारी का फोन आया। हालांकि पुलिस के काफी प्रयास के बाद दंपती सड़क से हटे तब जाकर यातायात सामान्य हुआ।