सोनभद्र। एसडीएम सदर, घोरावल और दुद्धी के साथ ही जिला कृषि अधिकारी ने शनिवार को जिले की 32 बीज दूकानों पर सघन छापेमारी की। इससे दूकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दूकानदार छापेमारी की सूचना पर दूकानों का शटर गिराकर भाग निकले। जांच में गड़बड़ी मिलने पर मेसर्स केशरी बीज भंडार मधुपुर को निलंबित कर दिया गया।
बीज की दूकानों पर ब्रांडेड के नाम पर नकली बीजों की बिक्री हो रही है। अधिक दाम पर धान समेत अन्य बीजों की बिक्री की जा रही है। इसकी शिकायत पिछले दिनों किसान नेताओं ने डीएम से की थी। इस पर डीएम ने एसडीएम सदर विशाल यादव, एसडीएम घोरावल शादाब असलम, एसडीएम दुद्धी भानु प्रताप सिंह और जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार को बीज की दूकानों पर छापेमारी कर कार्रवाई का निर्देश दिया था। शनिवार को इन अधिकारियों ने जांच की तो दूकानदारों में हड़कंप मच गया। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जिले भर की कुल 32 दूकानों पर छापेमारी कर जांच की गई। दस दूकानों से बीज के नमूने लिये गए। छापे के दौरान मेसर्स शुभम बीज भंडार मधुपुर को चेतावनी दी गई जबकि मेसर्स केशरी बीज भंडार मधुपुर को गड़बड़ी मिलने पर निलंबित कर दिया गया। बताया कि जांच के दौरान बीज व्यापारियों को हिदायत दी गई कि किसानों को उचित दर पर बीज उपलब्ध न कराये जाने से संबंधित शिकायत मिलने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।