राजकीय आईटीआई राॅबर्ट्सगंज परिसर में विश्व युवा कौशल दिवस पर मंगलवार को 11 युवाओं को कौशल यूथ आइकॉन सम्मान से नवाजा गया। यह युवा विभिन्न क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर सेवायोजित हैं।
कौशल विकास मिशन के तहत उत्कृष्ट प्रशिक्षण कार्य करने वाले 3 प्रशिक्षण प्रदाताओं को सम्मानित किया गया। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 5 लाभार्थियों को टेबलेट दिए गए।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री संजीव सिंह गोंड व विशिष्ट अतिथि सीडीओ जागृति अवस्थी ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। राजकीय आईटीआई एवं कौशल विकास मिशन के लाभार्थियों की ओर से निर्मित उत्पादों और रोजगारपरक प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
आईटीआई में अप्रेंटिस प्रशिक्षण को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाने के लिए हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड रेणुकूट के प्रतिनिधि विजय व्यास और यशवंत कुमार को भी सम्मानित किया गया। राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड ने कहा कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर सरकार का जोर है।
इसके लिए उन्हें विभिन्न माध्यमों से व्यावसायिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। हुनरमंद युवा देश-प्रदेश की प्रगति में नए कीर्तिमान गढ़ने में सक्षम होंगे। सीडीओ ने आईटीआई के छात्र-छात्राओं के लिए भविष्य की संभावनाओं पर मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम में डीआईओएस जयराम सिंह, नोडल राजकीय आईटीआई दुद्धी के प्रधानाचार्य रविंद्र पटेल, राजकीय आईटीआई नकटू बीजपुर के प्रधानाचार्य गोपाल दास, ज्ञानगंगा निजी आईटीआई के प्रबंधक कमल देव चौधरी, जिला प्रबंधक कौशल विकास मिशन मनीष कुमार आदि मौजूद रहे।
कार्यक्रम में युवा कौशल के महत्व, स्वरोजगार, सेवायोजन व तकनीकी दक्षता पर विशेष चर्चा हुई। वक्ताओं ने युवाओं को कौशल विकास से जुड़ने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।