सोनभद्र। भीषण गर्मी के चलते कई गांवों में पानी की समस्या विकराल रूप धारण करने लगी है। ग्राम पंचायतों द्वारा खुद की टैंकरों से पेयजलापूर्ति की जा रही है। लेकिन करीब पांच दर्जन गांवों में पानी की समस्या जस की जस है। इसे गंभीरता से लेते हुए डीएम अंकित कुमार अग्रवाल की ओर से जल निगम को पानी की समस्या से जूझ रहे 60 गांवों की सूची टैंकरों से आपूर्ति कराने के लिए भेजी जा रही है।
बताते चले कि आसमान से बरस रही आग की तरह धूप और भीषण गर्मी से तेजी से जलस्तर नीचे खिसक रहा है। जिससे पेयजल संकट गहराने लगा है। इससे निपटने के लिए जिला प्रशासन ने सभी प्रधानों को एक-एक टैंकर क्रय कर जरूरत के अनुसार पानी की आपूर्ति कराने का निर्देश दिया। वर्तमान में दुरूह, पहाड़ी, जंगली क्षेत्र के अधिकांश गांवों के हैंडपंपों ने पानी छोड़ना शुरू कर दिया है। अभी तक जिला प्रशासन के पास करीब पांच दर्जन गांवों मेें अत्याधिक पानी का संकट उत्पन्न होने की सूचनाएं प्राप्त हुई है। इन गांवों में जिला प्रशासन ने ग्राम पंचायतों के टैंकरों के अलावा जल निगम के टैंकरों से भी पानी की आपूर्ति कराने का निर्णय लिया है। जल निगम के एक्सईएन फणिंद्र राय के मुताबिक लोढ़ी, बघोर, लोहरा समेत 60 गांवों में 70 टैंकरों से पानी की आपूर्ति कराए जाने की सूचना प्राप्त हुई है। कहा कि लिखित आदेश प्राप्त होते ही पेयजलापूर्ति शुरू करा दी जाएगी।