डाला (सोनभद्र)। पुलिस चौकी क्षेत्र के बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र के लंगड़ा मोड़ स्थित बंद पड़ी एक पानी भरी गहरी खदान में शुक्रवार की रात अनियंत्रित होकर ट्रक गिर गया। इस हादसे में ट्रक के खलासी धर्मेंद्र यादव (30) की मौत हो गई। जबकि चालक (42) घायल हो गया। कड़ी मशक्कत कर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के लंगड़ा मोड़ स्थित लबालब पानी भरी एक खदान में गिट्टी लोड करने जा रहा ट्रक गिरने से ट्रक चालक राम अवध यादव (42) पुत्र जयश्री यादव गंभीर रूप से घायल हो गया वहीं खलासी धर्मेंद्र यादव (30) पुत्र बच्चन यादव की मौत हो गई दोनों निवासी मरवटिया नौगढ चंदौली के बताए गए ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात्रि लगभग नौ बजे ट्रक किसी क्रसर प्लांट पर गिट्टी लोड करने जा रहा था कि बंद पडी़ खदानों के बीच सकरे रास्ते के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर खदान में नीचे गिरकर पानी के अंदर समा गया तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पंहुचे जहां पानी में तैरता हुआ चालक बचाने के लिए आवाज लगा रहा था आनन फानन में मौजूद लोगों द्वारा रस्सी के सहारे घायल चालक को बाहर निकाल कर उपचार के लिए चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया। तथा घटना की जानकारी पुलिस को दी गई जानकारी होते ही घटना स्थल पर पंहुची चोपन व डाला पुलिस ने मौका मुआयना के बाद रात्रि व खतरनाक जगह होने के कारण किसी प्रकार की जोखिम उठाने से बचने के लिए सुबह होने का इंतजार करने लगे। शनिवार की सुबह से तहसीलदार विकास कुमार पांडेय की देखरेख में शव बाहर निकालने का कार्य शुरु किया गया क्रेन, हाईड्रा व गोताखोरों की मदद से भारी मशक्कत के बाद शाम साढे चार बजे शव पुलिस द्वारा बरामद कर आवश्यक कार्यवाई के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया।