विंढमगंज (सोनभद्र)। दुद्धी ब्लॉक के ग्राम पंचायत मेदानीखाड़ के खोखवा नाला से भुइयां बस्ती तक खड़ंजा पर सीसी रोड बनाए जाने से ग्रामीणों में असंतोष है। सोमवार को ग्रामीणों ने इसको लेकर विरोध प्रदर्शन किया और कार्य ठप करा दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी की। यहां ग्राम प्रधान सुरेश पाल ने कहा कि ठेकेदार की मनमानी के कारण पूर्व में बने संपर्क मार्ग के खड़ंजा के ऊपर ही पीसीसी का कार्य कराया जाना सरासर गलत है। पीसीसी काम को करा रहे ठेकेदार द्वारा स्थानीय पहाड़ियों से ही घटिया सोलिंग व मानक के विपरीत सीमेंट बालू का मिश्रण से काम कराया जा रहा है। एक पखवारा पूर्व ही ग्रामीण व जेई के साथ वार्ता हुई थी जिसमें मानक के अनुसार कार्य कराने पर सहमति बनी थी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। भूइया बस्ती की महिला जिलेबिया देवी, अंजनी देवी, पुष्पा देवी, मंजू देवी, फूलवंती देवी का कहना है कि किसी भी सूरत में खड़ंजा को नहीं उखड़ने दिया जाएगा। उसी पर सीसी रोड का निर्माण होगा। उधर कुछ ग्रामीण खड़ंजा हटाकर सीसी रोड बनवाने की मांग कर रहे हैं। ग्राम प्रधान सुरेश पाल, सीताराम गुप्ता, मुन्नालाल गौतम, पूर्व प्रधान सुरेंद्र, हरिश्चंद्र, संजय भुइया, लल्लू यादव, रूदल राम, उदय, संजय, विजय आदि खड़ंजा उखाड़कर ही सीसी रोड का कार्य कराने की मांग कर रहे हैं। इस विवाद को लेकर गांव में निर्माण कार्य बंद है।