रेणुकूट। आगामी दिसंबर माह में श्रम विभाग से वाराणसी में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की पुत्रियों के लिए सामूहिक विवाह का आयोजन होगा। जानकारी देते हुए पिपरी स्थित उपश्रमायुक्त कार्यालय के डीएलसी सरजू राम ने बताया कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से पंजीकृत भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिकों के हितार्थ कन्या विवाह अनुदान योजना चलाई जा रही है। जिसके अनुसार श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों की पुत्री विवाह के लिए अनुदान के रूप में 55 हजार रुपये की धनराशि देय है। अंतरजातीय विवाह की स्थिति में यह धनराशि 61000 रुपये होगी। यदि श्रमिक सामूहिक विवाह कार्यक्रम में अपनी पुत्री का विवाह करना चाहते हैं, तो अनुदान की धनराशि 65 हजार रुपये दी जाती है। सामूहिक विवाह की व्यवस्था में होने वाला खर्च भी श्रम विभाग करेगा। श्रमिकों को सिर्फ कन्या एवं वर को सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल कराना होगा। सामूहिक विवाह कार्यक्रम के तहत अगले माह दिसंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में वाराणसी में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजीकृत निर्माण श्रमिक जो अपनी पुत्री का विवाह करना चाहते हैं जिनकी पुत्र की आयु 18 वर्ष एवं होने वाले वर की आयु 21 वर्ष से कम ना हो। निर्धारित प्रारूप पर अपना आवेदन पत्र भरकर ग्राम प्रधान से प्रमाणित कराकर अपना आधार कार्ड व बैंक खाता की छाया प्रति, परिवार रजिस्टर की छाया प्रति संलग्न करते हुए निकटतम कार्यालय अथवा विकास खंड कार्यालय में जमा करें। इसके तहत 14 को बभनी, 15 को चोपन, 16 को चतरा, 17 को नगवां, 19 को राबर्ट्सगंज तथा 20 नवंबर को घोरावल ब्लॉक मुख्यालय पर कैंप लगेगा।