म्योरपुर। ब्लाक के कुसम्हा ग्राम पंचायत में दूषित पानी से बचाव के लिए लगे आरओ प्लांट का ट्रासंफार्मर जल जाने से क्षुब्ध लोगों ने बुधवार को प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई। ट्रांसफार्मर जला होने की वजह से करीब तीन सप्ताह से ग्रामीण दूषित पानी का सेवन करने को विवश है। ग्रामीणों ने तत्काल ट्रांसफार्मर बदलकर शुद्ध पेयजल आपूर्ति करने की मांग की है। उन्होंने चेताया कि ऐसा न करने की दशा में व्यापक पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा। म्योरपुर ब्लॉक के कुसम्हा ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने सचिवालय के पास लगे आरओ प्लांट के ट्रांसफार्मर जला होने से क्षुब्ध होकर प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने कहा कि ट्रांसफार्मर जला होने की वजह से उन्हें दूषित पानी का सेवन करना पड़ रहा है। आरओ प्लांट पर लगे 25 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर करीब 25 दिनों से जल गया है। ट्रांसफार्मर बदलने के लिए कर्मचारियों से लेकर अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई है। इतने दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक ट्रांसफार्मर बदले जाने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि जल्द उनकी समस्या जका समाधान नहीं किया गया तो वह व्यापक पैमाने पर आंदोलन के लिए बाध्य हो जाएंगे। आरओ प्लांट के संचालन ठप होने की वजह से एक बड़ी आबादी शुद्ध पेयजल के लिए इधर उधर भटक रही है। शुद्ध पेयजल न मिलने की वजह से तमाम लोग मौसमी बीमारी की चपेट में आकर जूझ रहे हैं। ग्रामीणों संदीप कुमार, सुनील कुमार, गौरीशंकर, सरयू प्रसाद, रामलाल ने तत्काल ट्रांसफॉर्मर बदलकर आरओ प्लांट के संचालन की मांग की है।