म्योरपुर। ब्लॉक के गड़िया ग्राम पंचायत में पानी घुस जाने से संपर्क मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है। इससे लोगों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी तो दो टोलों के लोगों को हो रही है। इन टोलों के बच्चे माह भर से मार्ग अवरुद्ध होने से स्कूल नही जा पा रहे हैं। ग्रामीणों ने संपर्क मार्ग पर पुल निर्माण कराकर यातायात बहाल करने की मांग की है।
म्योरपुर ब्लॉक के गड़िया ग्राम पंचायत के हरिजन बस्ती व चेरो बस्ती जाने वाले संपर्क मार्ग पर बरसात की वजह से रिहंद जलाशय का पानी भर जाने से मार्ग अवरुद्ध हो गया है। इससे इन दो टोलों के बच्चे प्राथमिक विद्यालय गड़िया प्रथम पढ़ने नही जा पा रहे हैं। यहां पढ़ने वाले हरिजन बस्ती व चेरो बस्ती के करीब सौ बच्चों की पढ़ाई चौपट हो गयी है। पढ़ने न जा पाने के कारण बच्चे गाय व बकरी चराने को विवश हैं। म्योरपुर से गड़िया संपर्क मार्ग पर रिहंद जलाशय का पानी भर जाने से मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। इसी मार्ग पर रिहंद जलाशय के पानी में मगरमच्छ का भी आवागमन बना हुआ है। इसी डर की वजह से भी बच्चे पढ़ने नहीं जा रहे हैं। हर वर्ष हो रही परेशानी को लेकर ग्रामीणों की कई बार मांग के बावजूद अब तक यहां पुल का निर्माण नहीं हो सका है। ग्राम प्रधान प्रेमचंद यादव ने बताया कि उनके द्वारा भी कई बार लिखित शिकायत की गई है, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई कदम नही उठाया जा सकता है। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने तत्काल मार्ग पर पुल बनवा कर हमेशा की परेशानी से निजात दिलाने की मांग की है।