अनपरा(सोनभद्र)। बिजली कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति सहित अनपरा परियोजना के पांच संगठनों ने परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक को पत्र लिखकर परियोजना की जमीन पर शराब की दुकान संचालित किये जाने पर रोष जताया है। लिखे पत्र में कहा गया है कि काशी मोड़ अनपरा बाजार संपर्क मार्ग पर अस्थायी रूप से बनाये गये टीन शेड, जिसमें तीन शराब की दुकानें संचालित हो रही हैं। जिसका ठेका 31 मार्च को समाप्त हो गया है। नये ठेकेदार भी शेड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दिए हैं। बिजली कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। यदि परियोजना की जमीन से पुरानी दुकानों को हटाया नहीं गया तो बिजली कर्मचारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। कहा कि काशी मोड़, अनपरा बाजार संपर्क मार्ग पर परियोजना की जमीन पर सुरक्षा की दृष्टि से शराब की दुकान संचालित नहीं होनी चाहिए। आये दिन परियोजना की जमीन पर हो रहे अतिक्रमण पर तत्काल रोक लगायी जानी चाहिए। उत्तर प्रदेश ताप विद्युत मजदूर संघ, विद्युत मजदूर संगठन, विद्युत मजदूर पंचायत, प्राविधिक कर्मचारी संघ, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ, हाइड्रो इलेक्ट्रिक इंप्लाइज यूनियन, बिजली मजदूर संगठन, विद्युत कर्मचारी मोर्चा संगठन ने गहरा आक्रोश जताया है। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की भी चेतावनी दी गयी है।