उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा अंतिम दौर में पहुंच गई है। ऐसे में शिक्षा विभाग अब मूल्यांकन की तैयारियेां में जुट गया है। मूल्यांकन कार्य के लिए जिले में दो केंद्र निर्धारित किये गए हैं। इसके लिए डीआईओएस ने यूपी बोर्ड को केंद्रों की रिपोर्ट भेज दी है।
संभावना है कि प्रदेश में 15 मार्च से यूपी बोर्ड के कॉपियों के मूल्याकंन का कार्य शुरू हो जाएगा। इसके लिए मूल्याकंन केंद्रों के बनाने का कार्य अंतिम दौर में पहुंच गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक राजशेखर सिंह ने बताया राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राबर्ट्सगंज और राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज राबर्ट्सगंज को मूल्याकंन केंद्र बनाने के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई है। कहा कि अभी तक यूपी बोर्ड से यहां किस जिले की हाईस्कूल और इंटर की कितनी उत्तर पुस्तिकाएं जांचने के लिए आएंगी, इसके बारे में अभी तक कोई आदेश प्राप्त नहीं हुआ है। मूल्याकंन कार्य में लगने वाले शिक्षक एवं कर्मचारियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका पूरा ख्याल रखा जाएगा।