सोनभद्र। सघन मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को राबर्ट्सगंज स्थित सीएचसी पर सीडीओ रामाश्रय ने नवजात बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया। सीडीओ ने अपील की है कि अपने बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण करायें।
उन्होंने कहा कि माता-पिता अपने गांव की आशा एवं एएनएम से संपर्क करके अपने बच्चे के छूटे हुए टीके के बारे में जानकारी प्राप्त करें और छुटे हुए टीके अवश्य लगवायें। सभी टीके पूर्णत: नि:शुल्क हैं। सीएमओ डॉ. एसपी सिंह ने बताया कि 0-2 वर्ष के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के संपूर्ण टीकाकरण के लिए केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की ओर से आगामी 18 दिसंबर तक सघन मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम चलाया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. बीके अग्रवाल ने बताया कि टीकाकरण कार्यक्रम पूरे जनपद में प्रत्येक बुधवार एवं शनिवार को सुदूर क्षेत्रों में सत्र लगाकर किया जाता है। परंतु जागरूकता के अभाव में लगभग 20 प्रतिशत बच्चें टीकाकरण से वंचित रह जाते हैं। बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण करके आठ जानलेवा बीमारियों टीबी, गलाघोटू, काली खांसी, टिटनेस, पोलियो, खसरा, हेपेटाइटिस बी तथा निमोनिया से हम अपने बच्चों को महफूज रख सकते हैं। इसके लिए पूरे जनपद में छूटे हुए बच्चों का सर्वे कराकर सूची तैयार की गयी है। 18 दिसंबर के मध्य उन्हें पूर्ण टीकाकृत करने की योजना तैयार की गयी है। डॉ. डीके सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, डॉ. मंजीत सिंह चौधरी, एसएमओ, डॉ. प्रेमनाथ, उप मुख्य चिकित्साधिकारी, मोहम्मद नसीम, संजय कुमार सिंह, आनंद मिश्रा, आशुतोष मिश्रा, यूनीसेफ से बेलाल, साबिर, टीएसयू से सोहेल अहमद आदि सहयोगी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।