सागोबांध । उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की ओर से छत्तीसगढ़ सीमा से सटे मनरुटोला से मिर्जापुर तक के लिए रोडवेज बस का परिचालन बंद कर दिया है। इसकी वजह से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि चार माह पूर्व रोडवेज बस का परिचालन शुरू कराया गया था तो सभी लोग खुश थे, लेकिन न जाने किस वजह से दस दिनों से रोडवेज का परिचालन बंद हो गया है। यात्री प्रतिदिन रोडवेज का इंतजार करते हैं, मगर उन्हे निराश होना पड़ रहा है। रोडवेज बस के परिचालन शुरू होने से छत्तीसगढ़ के त्रिशुली, पचावल, सनावल, तालकेश्वरपुर, डिण्डो तथा उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती दर्जनों गांव के लोग सकुशल यात्रा करते थे। रोडवेज के बंद होने से बगैर परमिट के डग्गामार वाहन बस, मैजिक, टेम्पो आदि यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं। इससे जहां सरकार को राजस्व की हानि हो रही है, वहीं यात्री असुरक्षित यात्रा करने के लिए विवश हैं। ग्रामीण शोभनाथ, राजेन्द्र, रामपति, भगवानदास, जगत नारायण, इन्द्रदेव, अरविन्द, अशोक आदि ने तत्काल रोडवेज का परिचालन शुरू कराए जाने की मांग उठाई है।