सोनभद्र। जिले में परीक्षा केंद्र निर्धारण में हुई गड़बड़ी के खिलाफ प्रधानाचार्य परिषद और शिक्षक संघ ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को म्योरपुर के शिवम संकल्प इंटर कालेज में स्काउट रैली के दौरान इसको लेकर बैठक हुई। इसमें यूपी बोर्ड के परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में कमी पर नाराजगी जाहिर की गई। निर्णय लिया गया कि केंद्र निर्धारण में सुधार नहीं किया गया तो परीक्षा का बहिष्कार किया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि बिड़ला विद्या मंदिर में पांच सौ विद्यार्थियों के ही बैठने की व्यवस्था है, लेकिन यहां तेरह सौ विद्यार्थियों का सेंटर दे दिया गया है। अन्य कई विद्यालयों में जहां चार सौ विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था है, वहां सात से आठ सौ परीक्षार्थियों का केंद्र निर्धारित कर दिया गया है। खुद बिड़ला विद्या मंदिर का परीक्षा केंद्र यहां से अस्सी किमी दूर अनपरा दे दिया गया। छात्राओं का भी परीक्षा केंद्र 30 से 40 किमी दूर बना है। राबर्ट्सगंज स्थित राजा शारदा महेश इंटर कालेज, ओबरा के शिक्षा निकेतन इंटर कालेज, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज ककरी सहित कई साख वाले राजकीय इंटर कालेजों को परीक्षा केंद्र न बनाए जाने को लेकर भी नाराजगी जताई गई। प्रधानाचार्यों का कहना था कि एसडीएम स्तर की जांच में भी गड़बड़ी की पुष्टि हुई है। प्रधानाचार्य परिषद, शिक्षक संघ और वित्तविहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्य-शिक्षकों ने चेताया कि परीक्षा केंद्रों में संशोधन कर सही तरीके से केंद्र का निर्धारण नहीं किया गया तो परीक्षा का बहिष्कार किया जाएगा। प्रधानाचार्य डॉ. सुरेश यादव, डॉ. विजेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, अब्दुल कयूम, रामप्रसाद पांडेय, केपी मौर्या, दयाशंकर विश्वकर्मा, रमेश विश्वकर्मा, कृष्ण कुमार सिंह, सतीश कुमार सिंह, सुमंगलम मौर्या मौजूद रहे।