सोनभद्र (चुर्क)। लंबे अरसे के बाद परिवहन विभाग की तीन बसों का संचालन मंगलवार से चुर्क से शुरू हो जाएगा। सोनभद्र डिपो की ये बसें चुर्क से होकर वाराणसी और रेणुकूट के लिए निकलेगी। बसों के संचालन होने से अब यहां के लोगों को अधिक भाड़ा देकर यात्रा नहीं करनी पड़ेगी।
बताते चलें कि पहले सरकारी बस के लिए पांच किमी दूर जाकर बस पकड़नी पड़ती थी। अब लोगों को चुर्क बस स्टैंड से रेणुकूट की ओर जाने के लिए प्रात: छह बजे, दोपहर 12 बजे और शाम पांच बजे मिलेगी। वहीं चुर्क से वाराणसी जाने के लिए सुबह 8:30 बजे, दोपहर 3:30 बजे और रात्रि 10:30 बजे से चलेगी। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक केके तिवारी ने बताया कि अन्य डिपो की बसों के चुर्क से संचालन के लिए पत्र आगे भेजा गया है। अनुमति मिलते ही अन्य डिपों की बसों का भी संचालन शुरू हो जाएगा। बताते चले कि सहिजन निवासी अधिवक्ता मनोज ने 25 मई को मुख्यमंत्री के पोर्टल जनसुनवाई में आन लाइन शिकायत दर्ज कराते हुए चुर्क से रोडवेज बस के संचालन की मांग उठाई थी। मुख्यमंत्री के वहां से निर्देश मिलने के बाद क्षेत्रीय प्रबंधक ने सोनभद्र के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को चुर्क बस स्टेशन से बस चलाने के निर्देश दिए थे।