सोनभद्र (ओबरा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को काउंसिलिंग का पहला दिन हंगामा भरा रहा। सीट वृद्धि की मांग को लेकर छात्रों ने काउंसिलिंग रोकवा दिया और महाविद्यालय का गेट बंद करते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों ने महाविद्यालय प्रशासन के विरूद्ध जमकर नारेबाजी की। अंत में पुलिस के हस्तक्षेप पर महाविद्यालय प्रशासन की ओर से मिले आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।
छात्रसंघ अध्यक्ष अमरेश यादव ने कहा कि जब तक सीट में वृद्धि नहीं की जाती काउंसिलिंग नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए चाहे जितना बड़ा आंदोलन क्यों न करना पड़े किया जाएगा। कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। उधर स्थिति बिगड़ते देख महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. इंद्रबहादुर सिंह ने पुलिस को सूचना देकर बुला लिया। कई बार छात्रों और महाविद्यालय प्रशासन के बीच वार्ता भी हुई, लेकिन कोई हल नहीं निकल सका। स्थिति तनावपूर्ण होते देख आसपास के थानों की फोर्स भी मौके पर बुला ली गई। घंटों चले हो हल्ला के बाद पुलिस के हस्तक्षेप पर महाविद्यालय के प्राचार्य की ओर से लिखित रूप से प्रतीक्षारत छात्रों के काउंसिलिंग लिए जाने एवं सीट वृद्धि के लिए महाविद्यालय प्रशासन की ओर से प ्रयास किए जाने की बात कही गई। तब छात्रों का हंगामा शांत हुआ। इसके बाद काउंसिलिंग दोपहर एक बजे शुरू हो सकी। छात्रसंघ पुस्तकालय मंत्री कुमार सौरभ, वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि आकाश यादव, छात्रसंघ महामंत्री अनिकेत श्रीवास्तव, पवन यादव, अखिलेश यादव, राका यादव, शिवम सिन्हा, शुभम सिंह, शशांक पांडेय, सोनू श्रीवास्तव, राजेश चौधरी, अमित गुप्ता, चंदू पटेल, सोनू यादव, धीरज यादव, आकाश जायसवाल आदि छात्र शामिल रहे।