सोनभद्र। कोरोना संक्रमण के फैलाव पर रोक के लिए दो दिन के कोरोना कर्फ्यू के पहले दिन शनिवार को जिले में शत प्रतिशत दुकानें बंद रहीं। जिला मुख्यालय के साथ ही ग्रामीण इलाकों में दुकानें बंद रही। इस दौरान सड़कें पूरी तरह सूनी रही। सिर्फ मेडिकल स्टोर ही कुछ घंटों के लिए खुले पाए गए। सुबह से लेकर देर रात तक जिले के विभिन्न सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा।
जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज नगर में हमतेशा चहल पहल रहने वाला बढ़ौली (स्वर्ण जयंती) चौक पर शनिवार को सन्नाटा पसरा रहा। दोपहर के वक्त चौराहे के समीप स्थित पेट्रोल पंप और मेडिकल स्टोर पर कुछ लोग दिखाई दिए। मेन चौक, धर्मशाला चौक, चंडी तिराहा और महिला थाने के अलावा अन्य मार्ग पर सुबह से लेकर देर रात तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। कोरोना कर्फ्यू का पालन कराने के लिए नगर में पुलिस प्रशासन गश्त करती रही।
घोरावल में कोरोना संकट की दूसरी लहर के मद्देनजर लॉकडाउन के तहत शनिवार को घोरावल नगर एवं ग्रामीण इलाकों में शत प्रतिशत दुकानें बंद रहीं। इस दौरान सड़कें पूरी तरह सूनी रहीं। सुबह से लेकर देर रात तक घोरावल नगर के विभिन्न सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। मिर्जापुर जीप स्टैंड, राबर्ट्सगंज बस स्टैंड, शिवद्वार जीप स्टैंड से बसों, जीपों, ऑटो का आवागमन पूरी तरह बंद रहा। निजी गाड़ियों की आवाजाही भी पूरी तरह बंद रही। पंचायत चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों की गाड़ी या दो पहिया वाहन ही सड़कों पर दिखाई दिए। गलियों में भी सन्नाटा छाया रहा। नगर में दुकानें पूर्ण रूप से बंद रहीं।
वहीं ग्रामीण इलाकों शिवद्वार, बिसरेखी, मुसहां, खड़देऊर, सतद्वारी, बरदिया, केवटा, डोमखरी, सोतिल, गुरेठ, लक्ष्मणपुर, मूर्तियां, घुवास, परसौना, खुटहां, सतौहा, तिलौलीकला, विसुंधरी, पेढ़, भैंसवार समेत तमाम गांवों में पूरी तरह लॉक डाउन रहा। लॉक डाउन का पालन कराने के लिए एसडीएम जैनेंद्र सिंह, सीओ संजय वर्मा, प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह, घोरावल चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार यादव पुलिस बल के साथ पूरे दिन नगर एवं ग्रामीण इलाकों में चक्रमण करते रहे।
दुद्धी: क्षेत्र में शनिवार को कोरोना कर्फ्यू के पहले दिन शनिवार को सुबह से लेकर रात तक पूरे बाजार मे सन्नाटा रहा। बाजार में एक भी चाय पान तक की दुकानें नहीं खुली थी। सभी दुकानें पूरी तरह से बंद रहा। यहां तक कि सब्जी की दुकान में भी नहीं खुली। वह भी पूरी तरह से बंद था। सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ दिखा। बाजार में इक्का-दुक्का लोग नजर आए। बस स्टेशन, संकट मोचन मंदिर, काली मंदिर रोड, तहसील तिराहा आदि सहित कई व्यस्त जगह सन्नाटे में बदला रहा।
विंढमगंज: स्थानीय थाना क्षेत्र जो झारखंड व उत्तर प्रदेश के बॉर्डर पर स्थित है बॉर्डर क्षेत्र से होकर गुजरने वाली रांची-रीवा राजमार्ग पर स्थित विंढमगंज बाजार में शनिवार को पूर्ण बंदी रहा। सिर्फ जीवन रक्षक दवा की दुकान व अस्पताल खुले रहे। आवश्यक सामान खरीदने के लिए दूरदराज क्षेत्र से आने वाले ग्रामीण खरीदारी के लिए काफी परेशान दिखे। वही समय-समय पर विंढमगंज थाना प्रभारी विनोद कुमार सोनकर अपने पुलिस बल के साथ लॉकडाउन को पूर्णतया सफल बनाने के लिए गश्त करते रहे।