घोरावल के ऊंचका गांव में आग से जलती गेहूं की फ़सल।
घोरावल/सलखन। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में रविवार को आग लगने से लाखों की क्षति हुई। घोरावल के उचका गांव में खेत में आग लगने से दस बीघा गेहूं की फसल जल गई। वहीं सलखन के बेलछ गांव में खलिहान और कच्चे मकान को आग ने चपेट में ले लिया।
घोरावल तहसील क्षेत्र के ऊंचका गांव में रविवार दोपहर बाद राजेंद्र शरण सिंह के खेत में आग लग गई। इसमें करीब 10 बीघा गेहूं की फसल जल गई। बताया गया कि खेत दुर्गा प्रसाद शर्मा (निवासी बरवां) ने बंटाई पर ले रखा था। वह गेहूं की कटाई की तैयारी कर रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर में अचानक खेत से धुंआ उठने लगा और थोड़ी देर में खेत का गेहूं जल गया। पीड़ित किसान के मुताबिक घटना से करीब दो लाख रुपये की क्षति हुई हैं। उधर, चोपन थाना क्षेत्र के बेलछ ग्राम पंचायत के अकेलवा टोला में दोपहर करीब एक बजे गंगाराम के खलिहान और कच्चे मकान में अचानक आग लग गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना में खलिहान में रखा अरहर, चना आदि अनाज समेत पूरा घर में रखा गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है।