फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वैक्सीन लगवाने उमड़े युवा, दोपहर में ही कोटा पूरा

विज्ञापन
विज्ञापन
सीतापुर। कोरोना वैक्सीनेशन के लिए युवाओं में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। 18 प्लस टीकाकरण शुरूआत के पहले दिन दोपहर में ही केंद्रों पर 50 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य पूरा हो गया। वहीं अभिभावकों के लिए बने दो विशेष केंद्रों पर भी काफी भीड़ दिखी। अभिभावकों ने पहली डोज लेकर राहत महसूस की। अब यह टीकाकरण अभियान रोजाना जारी रहेगा।
विज्ञापन

जिले भर में युवाओं (18 से 44 साल की आयुवर्ग) के टीकाकरण के लिए मंगलवार को जिले में 16 केंद्र बनाए गए थे। जिनमें से जिला मुख्यालय पर चार विशेष केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा मिश्रिख, महोली, सिधौली, बिसवां, महमूदाबाद और परसेंडी सीएचसी पर भी युवाओं का टीकाकरण किया गया। इन सभी केंद्रों पर युवा उमड़े और कोरोना से बचाव की वैक्सीन लगवाई।
टीकाकरण के लिए युवाओं के उत्साह का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोपहर होते-होते सभी टीकाकरण केंद्रों पर निर्धारित लक्ष्य पूरे हो चुके थे। जिला सूचना कार्यालय पर बनाए गए एक विशेष कोविड वैक्सीनेशन सेंटर पर दोपहर में सभी निर्धारित 50 मीडिया कर्मियों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया जा चुका था।
विज्ञापन

इसके अलावा आंख अस्पताल व पीएचसी रामकोट में उन अभिभावकों के लिए विशेष केंद्र बनाया गया था, जिनके बच्चे 12 वर्ष से कम उम्र के हैं। इन सभी केंद्रों पर बुधवार को शेष लोगों का टीकाकरण किया जाएगा।
इन चार जगहों पर विशेष लोगों के लिए लगेगा टीका
जिला मुख्यालय पर बनाए गए प्रत्येक कोविड वैक्सीनेशन सेंटर पर प्रतिदिन 50 संबंधित लोगों का टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभिन्न अदालतों में कार्यरत 18 से 44 साल की आयु वर्ग के कर्मियों और अधिवक्ताओं के लिए सिविल कोर्ट में विशेष टीकाकरण केंद्र बनाया गया है।
इसी तरह शिक्षक/ शिक्षिकाओं के लिए डीआईओएस कार्यालय और बैंक कर्मियों के लिए एलडीएम कार्यालय पर यह विशेष टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा इसी आयुवर्ग के मीडिया कर्मी और सूचना विभाग के कर्मी के लिए केंद्र जिला सूचना अधिकारी कार्यालय पर बनाए गए है।
टीका जरूर लगवाएं
कोरोनारोधी वैक्सीन लगाने से ही हम कोरोना को हरा सकते हैं। हर आयु वर्ग को वैक्सीन सरकार लगा रही है। वैक्सीन ही कोरोना संक्रमण को खत्म करने में कारगर साबित होगी। युवाओं आमजन से अपील है कि वह अपनी बारी आने पर कोरोना से बचाव का टीका जरूर लगवाएं।
- डॉ. मधु गैरोला, सीएमओ
चार मिले नए संक्रमित, एक की मौत
सीतापुर। जिले में कोरोना संक्रमण अब लगभग आखिरी पायदान पर पहुंच गया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मंगलवार को पूरे जिले में महज चार लोग संक्रमित मिले है। इन सभी को होम आइसोलेट कर दिया गया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर एक मरीज की मौत की जानकारी अपलोड की गई है। विभाग अब इस मरीज की जानकारी जुटा रहा है। जिले में कोरोना से अब तक 173 लोगों की मौत हो चुकी है। सीएमओ डॉ. मधु गैरोला ने बताया कि जिले में अब एक्टिव केसों की संख्या सिमटकर 177 आ गई है। केवल एक मरीज की हालत गंभीर है, एलटू में उसका इलाज चल रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें