हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ऑटो।- संवाद
रामकोट। सीतापुर-हरदोई मार्ग पर रविवार दोपहर रायपुर के निकट ऑटो व बाइक में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि महिला समेत पांच लोग जख्मी हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक इलाज के बाद दंपती की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
मिश्रिख क्षेत्र के जयपुर निवासी सुनील (23) अपनी पत्नी रागिनी (19) व साथी राजेश (35) के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। रायपुर नहर के पास सामने से आ रहे सीएनजी ऑटो से बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज हुई कि ऑटो सवार इरशाद, बिंदु, समीर और तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां राजेश की इलाज के दौरान मौत हो गई। सुनील व उनकी पत्नी रागिनी की हालत गंभीर देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। थाना प्रभारी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।