मिश्रिख (सीतापुर)। कोतवाली क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात गांव में बार बालाओं का नाच देखने गए युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह परिजनों को शव कार्यक्रम स्थल से कुछ दूरी पर स्थित सुंदरलाल के मकान के पास पड़ा मिला। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
कोतवाली क्षेत्र के नई बस्ती गांव के मजरा जसरथपुर निवासी संतोष कुमार (30) बृहस्पतिवार देर रात घर से गांव में बार बालाओं का नाच देखने निकला था। इसके बाद वह रात भर घर वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी कि संतोष का शव कार्यक्रम स्थल से कुछ दूरी पर सुंदरलाल के मकान के पास पड़ा है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने देखा की संतोष के शरीर पर चोट के निशान थे।
मृतक के भाई बबलू ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। आरोप लगाया कि बार बालाओं के नाच के दौरान ही किसी ने संतोष को मारा है। वरिष्ठ उपनिरीक्षक नयन सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच की जा रही है। बताया कि गांव में आयोजित बार बालाओं के डांस की अनुमति भी नहीं ली गई थी। इसका आयोजन बिना अनुमति के कराया जा रहा था। पुलिस आयोजकों से भी पूछताछ कर रही है।
पुलिस पर तहरीर बदलवाने का आरोप
मृतक के परिजनों ने पुलिस पर तहरीर बदलवाने का आरोप भी लगाया है। हालांकि वरिष्ठ उप निरीक्षक नयन सिंह का कहना है कि परिजनों को सिर्फ तहरीर से बार बालाओं का डांस हटवाकर पोस्टमार्टम ही लिखवाने के लिए कहा गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जरूरत पड़ने पर दूसरी तहरीर भी ली जाएगी।