सीतापुर। महमूदाबाद कोतवाली इलाके में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर आसपास के लोगों ने घायलों को सीएचसी महमूदाबाद में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देख एक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
नगर के रामकुंड चौराहा निवासी रोमिल गुप्त (23) पुत्र स्व. हरिओम सोमवार शाम सात बजे अपने दोस्त सोनू नाग निवासी बेलदारी टोला के साथ बाइक से निकला था। रात करीब 10 बजे अमीरगंज के रास्ते घर लौट रहा था, तभी संकटा देवी मंदिर के पास तालाब में स्थित भगवान शंकर के मंदिर के सामने एक बेकाबू वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
दुघर्टना में रोमिल व सोनू घायल हो गए। दोनों को सीएचसी महमूदाबाद में भर्ती कराया गया। जहां हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने रोमिल को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर करते हुए सोनू को छुट्टी दे दी। रोमिल को उसके साथी लखनऊ में ट्रॉमा सेंटर के साथ ही अन्य अस्पतालों में भी ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
रोमिल सामाजिक व धार्मिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता था। वह काफी मिलनसार भी था। ऐसे में रोमिल की मौत की सूचना पाकर उसके घर पर समाजसेवियों का तांता लग गया। क्षेत्रीय विधायक नरेंद्र सिंह वर्मा, भाजपा नेता शिवकुमार गुप्त, पालिकाध्यक्ष अंबरीश गुप्त, रोशन गुप्त, सचिन कश्यप, आशीष गुप्त, चंद्रकांत रस्तोगी, मुकेश रस्तोगी, रवि पोरवाल, राकेश शुक्ल समेत बड़ी संख्या में लोगों ने अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया। रोमिल को मुखाग्नि उसके दोस्त रोशन गुप्त, सोनू नाग, विवेक नाग, मनीष सिंह व राहुल वर्मा ने दी।