सदरपुर। थाना क्षेत्र में एक बाइक व पिकअप की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीएचसी रेउसा में भर्ती कराया गया। वहां से चिकित्सकों ने बहराइच जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बहराइच जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
थानगांव कस्बा निवासी प्रदीप (28) बृहस्पतिवार देर रात बाइक से रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के पर्वतपुर स्थित ससुराल जा रहे थे। रेउसा-महमूदाबाद मार्ग पर धुरिहा गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप बाइक से टकरा गई। पिकअप को रामू चला रहा था। टक्कर लगते ही बाइक सवार प्रदीप छिटककर सड़क पर गिर गया।
हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी रेउसा पहुंचाया। वहां हालत गंभीर देखकर डॉक्टरों ने घायल युवक को बहराइच के जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि युवक की पत्नी मनीषा की तहरीर पर वाहन चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।