महोली (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में हाईवे पर शुक्रवार को बाइक से ससुराल जा रहे एक युवक की कार की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में जांचकर कार्रवाई की जा रही है।
कोतवाली क्षेत्र महोली के जगदेवा निवासी विमलेश (32) शुक्रवार सुबह बाइक से अपनी ससुराल कोतवाली क्षेत्र के ही बरसहिया गांव जा रहा था। इसी दौरान महोली इलाके में कुसैला मोड़ के निकट पहुंचते ही जिला मुख्यालय की ओर से आ रही तेज रफ्तार बेकाबू कार ने बाइक को टक्कर मार दी। कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक काफी दूर जा गिरा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद चालक कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को महोली सीएचसी ले जा रही थी लेकिन रास्ते में ही युवक की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है, जल्द ही कार्रवाई होगी।