एक दशक पहले तक शहर की लाइफ लाइन कही जाने वाली सरायन नदी को प्रदूषण मुक्त करने का ‘आजाद हिंद भगत’ संस्था ने बीड़ा उठाया है। संस्था ने सरायन के सफाई की मुहिम छेड़ी है।
बुधवार को संस्था के युवाओं ने नदी में उतरकर सफाई अभियान चलाया। शहर के दायरे में नदी को स्वच्छ व निर्मल बनाने तक हर रोज सफाई अभियान चलाया जाएगा। सरायन नदी शहर के बीच से होकर बहती है।
प्रदूषण की चपेट में आकर अस्तित्व बचाने को कराह रही सरायन के जीर्णोद्धार का बीड़ा ‘आजाद हिंद भगत’ नामक संस्था ने उठाया है। बुधवार को संस्था के युवाओं ने गोपाल घाट के पास नदी में उतर सफाई की मुहिम का आगाज कर दिया है।
यह मुहिम कैंची पुल तक नदी को स्वच्छ व निर्मल बनाने के बाद ही रुकेगी। इस दरम्यान करीब तीन किमी. की दूरी तक जब तक नदी साफ नहीं हो जाती, संस्था के युवा हर रोज नदी में उतरकर सफाई करेंगे। शहर के युवाओं की इस पहल की हर कोई सराहना कर रहा है।