सीतापुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) के इनपुट पर पुलिस ने सोमवार को सिटी स्टेशन के पास बिना लाइसेंस नशीली दवाओं की बिक्री के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से अल्प्राजोलम की 600 टैबलेट और ट्रामाडोल के 80 इंजेक्शन बरामद किए। बरामद दवाओं की कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है।
जिला औषधि निरीक्षक अनीता कुरील के अनुसार, शहर में बिना लाइसेंस नशीली दवाओं की बिक्री की सूचना मिली थी। इस पर इंस्पेक्टर दिनेश प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पुराने सीतापुर स्थित सिटी स्टेशन के पास घेराबंदी कर युवक को पकड़ा। उसकी पहचान तरीनपुर निवासी विश्वनाथ मिश्रा के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके पास मिले झोले से टैबलेट और इंजेक्शन बरामद हुए। पूछताछ में युवक के पास दवाओं की बिक्री का लाइसेंस नहीं मिला। पुलिस के अनुसार, वह गोलू नामक युवक से दवाएं लेकर उनकी बिक्री करता था। पुलिस ने विश्वनाथ और गोलू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। विश्वनाथ को गिरफ्तार कर मामले की जांच की जा रही है।