सीतापुर। शहर कोतवाली पुलिस ने शनिवार को स्वाट टीम की मदद से असलहा फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। 20 अवैध असलहों के साथ पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से भारी मात्रा में असलहा बनाने के उपकरण भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शहर कोतवाली क्षेत्र के बालामऊ-शाहजहांपुर रेलवे लाइन के पास स्थित आम के बाग में छापा मारा। टीम ने यहां से महोली के खूंटी निवासी रविंद्र को गिरफ्तार किया। सीओ सिटी अमन सिंह ने बताया कि उसके पास से 20 अवैध असलहे, चार कारतूस, रेती, 13 नाल, प्लास संग भारी मात्रा में अवैध शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं। आरोपी का कोई पुराना इतिहास अभी तक प्रकाश में नहीं आया है, लेकिन आरोपी शातिर है, जो अलग-अलग स्थान बदलकर असलहे बनाता है।
अन्य लोगों की भी तलाश जारी
इंस्पेक्टर अनूप शुक्ला ने बताया कि आम के बाग में असलहे बनाने का काम लंबे समय से चल रहा था। बाग में बांस की कोठ बनाकर उसके भीतर असलहा बनाए जाते थे। कई दिनों से सूचना मिल रही थी। इस गिरोह में और भी लोग शामिल होने की जानकारी मिल रही है। अन्य लोगों की तलाश के लिए खुलासे में शामिल उपनिरीक्षक हर्षित सिंह, रामचंद्र यादव और विनोद गिरी की टीम को लगाया गया है, ताकि उनको भी चुनाव से पहले ही दबोच लिया जाए। किसी भी दशा में चुनाव में कोई भी अवरोध न पैदा हो।
आरोपी मांग पर बनाता था असलहे
स्वाट के उपनिरीक्षक प्रदीप दुबे व शहर कोतवाली पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी का नेटवर्क ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक है। वह मांग पर असलहों को गुपचुप ढंग से तैयार करता था। पुलिस टीम ने आरोपी पर नजर रखी और उसे रंगे हाथों अवैध असलहा तैयार करते गिरफ्तार किया है।