गोंदलामऊ (सीतापुर)। संदना क्षेत्र के कोरोना कस्बे में रविवार रात एक एसयूवी ने पैदल जा रहे युवक को रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना संदना के कस्बा कोरौना निवासी इंद्रपाल सिंह (36) पैदल ही जरिगवां गेस्ट हाउस में आयोजित शादी समारोह में खाना खाने जा रहे थे। सिधौली मिश्रिख मार्ग पर मिश्रिख की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार एसयूवी उन्हें रौंदते हुए पेड़ से जा टकरा गई। इससे इंद्रपाल की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि एसयूवी में शराब की बोलतें भी मिली हैं। गाड़ी में चार लोग बैठे थे, जो हादसे के बाद मौके से भाग निकले। थानाध्यक्ष चंद्रभान यादव ने देर रात की घटना है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।