सीतापुर में ट्रेन की चपेट में आने से युवक का पैर कट गया। नाजुक हालत देखते हुए उसे लखनऊ के लिए रेफर किया गया है। जहां हादसा हुआ, उस क्षेत्र में पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार उदासीन बने हुए हैं। आगे पढ़ें पूरी खबर...
यूपी के सीतापुर में ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक का पैर कट गया। उसे गंभीर हालत में आनन-फानन नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां से मेडिकल कॉलेज, लखनऊ के लिए रेफर कर दिया गया है।
विज्ञापन
घटना नैमिषारण्य थाना इलाके के लक्ष्मणपुर गांव की है। गांव से रेलवे लाइन निकली है। गांव निवासी लल्लू (51) किसी काम से जा रहा था। रेलवे ट्रैक पर सीतापुर की ओर से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया। इससे गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर में चोट लगने के साथ उसका पैर भी कट गया।
स्थानीय लोग उसे नैमिषारण्य स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक जयप्रकाश पटेल ने बताया कि हालत नाजुक देखते हुए घायल को प्राथमिक उपचार देने के उपरांत बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज, लखनऊ भेजा गया है।
विज्ञापन
बताते चलें कि इससे पहले भी इस क्षेत्र में ट्रेन से कटने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। हाल ही में स्कूल जाते समय छात्रा भी ट्रेन की चपेट में आ गई थी। इससे उसके दोनों पैर कट गए थे।