सदरपुर (सीतापुर)। देवहरा गांव में बृहस्पतिवार को बजेहरा निवासी संजय यादव (28) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने की बात कह रही है। संजय बिजली विभाग में संविदा लाइनमैन के पद पर तैनात थे। दो माह पूर्व छंटनी के आधार पर उन्हें हटा दिया गया था।
संजय महमूदाबाद के विद्युत उपखंड देवरिया में संविदाकर्मी के तौर पर तैनात थे। परिजनों के मुताबिक दो माह पूर्व छंटनी के बाद उन्हें हटा दिया गया था। पिता कैलाश के मुताबिक बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे देवहरा के ग्रामीणों ने फाल्ट होने पर संजय को कई फोन किए। लोगों के मुताबिक वह ट्रांसफार्मर से टूटे तार को जोड़ने देवहरा गांव गए थे। परिजनों ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि संजय को करंट लग गया है। वह मौके पर पहुंचे तो संजय मरणासन्न अवस्था में मिले। तत्काल सीएचसी महमूदाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन रात करीब दो बजे शव लेकर घर चले आए। शुक्रवार सुबह संजय के ससुर ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि ससुरालीजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
चार माह पहले ही हुआ था विवाह
संजय की शादी सात मार्च को रामपुर मथुरा के लोहचनपुर निवासी पूनम के साथ हुई थी। संजय दो छोटे भाई दिलीप व हिमांशु और चार बहनें हैं। दो बहनों की शादी हो चुकी है। बहन रीनू व मीनू अभी अविवाहित हैं।