दिनदहाड़े कार सवारों ने एक युवती को अगवा कर लिया। थोड़ी दूरी पर खड़े भाई ने बाइक से कार का पीछा किया पर तेज रफ्तार कार को पकड़ नहीं सका। भाई ने थाने में अगवा करने के लिए तहरीर दी पर पुलिस ने बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला दर्ज किया है। इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
तंबौर थाना क्षेत्र के ग्राम रजनापुर निवासी विश्वामित्र बहन सोनी (20) की दवा लेने के लिए गुरुवार को बाइक से लखनऊ जा रहा था। रास्ते में तालगांव थाना क्षेत्र में कसरैला-खैराबाद मार्ग पर कसरैला से एक किलोमीटर आगे वह बाइक खड़ी कर लघुशंका के लिए चला गया।
इसी दौरान एक कार बाइक के पास आकर रुकी। इससे पहले कि उसकी बहन सोनी कुछ समझ पाती, कार सवार लोगों ने सोनी को उठाकर कार में डाल लिया और निकल भागे। विश्वामित्र ने पुलिस को बताया कि उसने खैराबाद तक कार का पीछा किया, लेकिन कार तेज रफ्तार से निकल गई।
सोनी को उठाने वाले कौन है, इस संबंध में विश्वामित्र कुछ नहीं बता पाया। उसने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराने के लिए तालगांव थाने में तहरीर दी है।
उधर, पुलिस इस मामले को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला बता रही है। थानाध्यक्ष एके सिंह ने बताया कि इस संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ बहला फुसलाकर भगा ले जाने का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।