सीतापुर। परिषदीय विद्यालय के नौनिहालों को अब एमडीएम के साथ ही अतिरिक्त पोषक तत्व भी उपलब्ध कराए जाएंगे। पीएम पोषण योजना के तहत यह नवंबर से मार्च 2025 तक दिए जाएंगे। प्रत्येक नौनिहाल के लिए पांच रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। यह बजट विद्यालयवार भेज दिया गया है। इसका लाभ करीब 5.50 लाख नौनिहालों को मिलेगा।
परिषदीय विद्यालय के नौनिहालों को दोपहर में भोजन दिया जाता है। इसके अलावा विद्यालय के मीनू में दूध व फल भी शामिल किए गए है। अब इन सब के साथ ही अतिरिक्त पोषक तत्व उपलब्ध कराए जाएंगे। यह पोषण तत्व प्रत्येक बृहस्पतिवार को कक्षा एक से आठ तक के नौनिहालों को दिए जाएंगे।
प्रत्येक नौनिहाल के लिए एक डाइट के हिसाब से पांच रुपये का बजट दिया गया है। यह पीएम पोषण योजना नवंबर से मार्च 2025 तक जारी रहेगी। मार्च तक का बजट बेसिक शिक्षा विभाग को उपलब्ध करवा दिया गया है। वित्त एवं लेखाधिकारी ने विद्यालयवार बजट भेज दिया है।
वितरण में यह रखेंगे ध्यान
सप्लीमेंट न्यूट्रीशन के तहत उपलब्ध कराई जाने वाली खाद्य सामग्री पैक्ड व गुणवत्तायुक्त होगी।
खाद्य सामग्री एफएसएसआई मार्क्ड होगी। एक्सपायरी डेट का ध्यान रखा जाएगा।
खाद्य पदार्थों का भंडारण सही तरीके से किया जाएगा।
मां समूह/एसएमसी आदि के माध्यम से इस योजना का प्रचार करवाया जाएगा।
जनपद/तहसील स्तरीय टॉस्क फोर्स के माध्यम से इसका निरीक्षण किया जाएगा।
दिया है बजट
अतिरिक्त पोषक तत्व उपलब्ध कराने के लिए सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया जा चुका है। इसके लिए बजट दे दिया गया है।
बृजमोहन सिंह, डीसी एमडीएम