सीतापुर। शहर में पुरुष नहीं महिलाएं भी यातायात नियमों का उल्लंघन कर रही हैं। बिना हेलमेट के युवतियों व महिलाओं को दो पहिया वाहनों से फर्राटा भरते आसानी से देखा जा सकता है। महिला होने के नाते पकड़े जाने पर वह माफी मांग कर अक्सर चालान कटने जैसी कार्रवाई से भी बच जाती हैं।
एक नवंबर से शुरू हुए यातायात माह के दौरान शहर में जगह-जगह जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके बावजूद महिलाएं ट्रैफिक नियमों के अनुपालन को लेकर उदासीन दिखती हैं। अक्सर सुबह के समय गृहणियां अपने बच्चों को बिना हेलमेट पहने ही स्कूटी से स्कूल छोड़ने के लिए जाती हैं। स्कूली छात्राएं भी स्कूटी चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल कर अक्सर भूल जाती हैं। ऐसे में कई बार महिलाएं हादसों का शिकार भी हो जाती हैं। सीओ सदर व यातायात नेहा त्रिपाठी ने बताया कि महिलाओं को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक बनाने के लिए अलग से विशेष अभियान चलाया जाएगा। ताकि वह यातायात नियमों का पालन कर सकें। (संवाद)