कोतवाली इलाके में सोमवार रात ट्रिपलिंग कर भाई की गोद भराई समारोह से लौट रही एक बाइक सवार महिला को रोडवेज बस ने रौंद दिया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार महिला का पति व उसका भाई जख्मी हो गए।
दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों की मानें तो बाइक सवार लोगाें ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। संदना के पट्टी गांव निवासी सुनीता (35) पत्नी रामजीवन अपने पति और भाई राजकुमार निवासी संदना के साथ दूसरे भाई की गोद भराई समारोह में शामिल होने लखनऊ के इटौंजा कुर्सिनपुरवा से सोमवार देर शाम वापस जा रहे थे।
जब ये लोग सिधौली में मिश्रिख मार्ग पर ब्लॉक भवन के सामने पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। बस सुनीता को कुचलते हुए निकल गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि उसका पति व भाई जख्मी हो गया। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत भाग निकला। पुलिस भी खबर पाकर पहुंची। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उधर, ग्रामीणों का कहना है कि बाइक सवार लोगों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।