कल्ली चौराहा। कोतवाली मिश्रिख के उदईपुर पश्चिमी के मजरा मेहंदिया गांव निवासी महिला शुक्रवार को अपने पति के साथ बाइक से भाई की शादी में शामिल होने रामकोट जाते समय तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आकर घायल हो गई। उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय महिला की मौत हो गई। हादसे में पति को मामूली चोटें आईं।
मेहंदिया गांव निवासी भगवानदीन (66) दोपहर में पत्नी सुमिरता (56) को बाइक से रामकोट ले जा रहे थे। वहां उनके साले की शादी थी। इस दौरान गंगापुर गांव के पास उनकी बाइक में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर लग गई। हादसे में दंपती सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दोनों को सीएचसी मिश्रिख लाया गया। यहां भगवानदीन को तो प्राथमिक उपचार कर छुट्टी दे दी गई, लेकिन सुमिरता की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने लखनऊ स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय सुमिरता ने रास्ते में दम तोड़ दिया।