रामकोट(सीतापुर)। परागीपुरवा गांव निवासी एक महिला की बुखार की वजह से मौत हो गई। परिजनों ने झोलाछाप पर गलत इलाज करने का आरोप लगाकर हंगामा किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परागीपुरवा गांव निवासी बबलू ने बताया कि पत्नी प्रेमा (30) दो दिन से बुखार से परेशान थीं। मंगलवार को मधवापुर स्थित झोलाछाप को दिखाया था। बुधवार शाम फिर तेज बुखार आने पर परिजन प्रेमा को लेकर फिर झोलाछाप के पास गए।
बबलू का आरोप है कि एक घंटे के अंतराल में झोलाछाप ने तीन बोतल ग्लूकोज की चढ़ाईं, जिससे पत्नी की हालत बिगड़ने लगी। इस पर झोलाछापा ने मरीज को घर ले जाने को कहा। रास्ते में ही पत्नी के हाथ-पैर ठंडे पड़ गए और मुंह से झाग आने लगा। कुछ देर में ही प्रेमा की मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एसओ रामकोट सुरेश पटेल ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। झोलाछाप को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। सीएचसी अधीक्षक खैराबाद डॉ. राहिल फरीद ने बताया कि परागीपुरवा गांव में हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। झोलाछाप के खिलाफ जल्द ही अभियान चलाया जाएगा।