सीतापुर। मानपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को पति के साथ बाइक से जा रही एक महिला की तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस जांच की बात कह रही है।
मानपुर इलाके के ईश्वरी पुरवा मजरा मानपुर निवासी लालजी अपनी पत्नी जयरानी (35) के साथ बाइक से छावनि गांव स्थित अपनी पुत्री की ससुराल जा रहा था।
दंपती मानपुर गांव के पास पहुंचे, इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार में आ रही मौरंग व सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में लालजी व जयरानी सड़क पर गिर गए। जयरानी ट्रैक्टर से कुचल गई। घायल दंपती को ग्रामीणों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान जयरानी की मौत हो गई।
जबकि लालजी का इलाज चल रहा है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। दुर्घटना करने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।