तालगांव (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में शनिवार शाम को महिला के संग एक व्यक्ति ने छेड़छाड़ की। इस पर पीड़िता शिकायत करने आरोपी के घर गई तो आरोपी के भाई ने उसकी पिटाई कर दी। पीड़िता ने तहरीर दी है। उधर, पुलिस ने मारपीट का मामला होना बताया।
कोतवाली तालगांव इलाके के एक गांव में तीस वर्षीय महिला शनिवार शाम को गांव के बाहर नित्यकर्म को गई थी, तभी पहले से घात लगाए गांव के ही एक व्यक्ति ने महिला से दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला की चीख पुकार सुनकर ग्रामीण भागे तो आरोपी जानमाल की धमकी देते हुए फरार हो गया।
इस पर महिला ने आरोपी के घर जाकर शिकायत की तो आरोपी के भाई ने गाली गलौज करते हुए पिटाई कर दी। ग्रामीणों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। महिला ने आरोपी को नामजद करते हुए तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
पीड़िता ने रविवार को पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। कोतवाल रणवीर सिंह ने बताया कि मामला मारपीट से जुड़ा हुआ है, फिर भी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।