सीतापुर। जिस घड़ी का लंबे समय से लोगों को इंतजार था, आखिरकार वह आ ही गई। कार्यकाल खत्म होने के बाद से खाली पड़ी जिला पंचायत अध्यक्ष पद की कुर्सी में कौन विराजमान होगा इसका फैसला होने में भी अब लंबा वक्त नहीं बचा है। बस, कुछ ही घंटों के इंतजार के बाद तस्वीर साफ हो जाएगी कि जिले की प्रथम नागरिक की कुर्सी पर कौन काबिज होगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के लिए सभी तैयारियां मुकम्मल हो चुकी हैं। सुबह तय समय से मतदान शुरू होगा। मतदान के फौरन बाद मतगणना शुरू हो जाएगी और कुछ ही देर में नतीजे में भी सामने होंगे। जिला पंचायत अध्यक्ष का कार्यकाल जिले में 13 जनवरी को खत्म हो गया था। इसके बाद से डीएम को बतौर प्रशासक जिम्मेदारी मिली थी। अभी डीएम ही प्रशासक हैं। कार्यकाल खत्म होने के बाद से इस कुर्सी के खातिर जोर आजमाइश जारी है। पंचायत चुनाव में आए नतीजों के बाद भाजपा और सपा में कांटे की टक्कर के आसार थे। भाजपा को 15 सीटें मिली थीं, जबकि सपा को 14। बसपा के खाते में 07 सीटें आईं जबकि कांग्रेस का खाता ही नहीं खुल सका। चुनाव के बाद से ही सत्ता पक्ष से लेकर मजबूत विपक्ष के तौर पर उभरी सपा ने भी कुर्सी पर काबिज होने के लिए पूरी ताकत लगा दी, लेकिन जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव का समय करीब आते-आते समीकरण बदलते चले गए।
जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के लिए 26 जून को भाजपा से श्रद्धा सागर, सपा से अनीता राजवंशी, निर्दल के रूप में प्रीती सिंह और चंद्र प्रभा ने दावेदारी ठोकी थी। 29 जून को चारों में से किसी भी प्रत्याशी के नामांकन वापस नहीं लेने से चुनावी मैदान में चारों प्रत्याशी डटे रहे। 3 जुलाई को मतदान और मतगणना होना मुकर्रर हुआ है। वह समय और घड़ी अब बेहद करीब आ चुकी है। इस पद के लिए होने वाले मतदान और मतगणना की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रशासन ने सभी व्यवस्थाएं मुकम्मल कर ली हैं। शनिवार सुबह 11 बजे से कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में मतदान शुरू हो जाएगा। मतदान तीन बजे तक चलेगा। इसके बाद मतगणना शुरू हो जाएगी।
जिले के 79 जिला पंचायत सदस्य अध्यक्ष की कुर्सी के लिए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करेंगे। ये जिला पंचायत सदस्य तय करेंगे कि वह जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर किसे काबिज कराएंगे। हालांकि, अब यह जानने के लिए लोगों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। बस, कुछ ही घंटों के अंतराल में चुनावी पिक्चर शीशे की तरह साफ हो जाएगी। किसके सिर जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी का ताज सजेगा, इसका फैैसला होने में अब दिन नहीं, चंद घंटे ही शेष बचे हैं। पड़े मतों की गणना के बाद ही परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। माना जा रहा है 3 बजे तक मतदान होने के बाद गणना में जो भी वक्त लगे, उसके बाद परिणाम घोषित हो जाएंगे। 4 से 5 बजे के बीच नतीजे आने की पूरी उम्मीद है।
शासन तय करेगा शपथ गृहण की तारीख
जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनावी नतीजे आने के बाद इस कुर्सी पर अध्यक्ष कब काबिज होंगे। मसलन, शपथ गृहण कब होगा, इसको लेकर प्रशासनिक और चुनाव से जुड़े अफसरों की मानें तो शपथ गृहण की तारीख शासन से तय होगी। शासन जो तारीख मुकर्रर करेगा, उसी में शपथ गृहण होगा। जिस दिन शपथ गृहण होगा, उसी दिन से अध्यक्षी का नया कार्यकाल शुरू होना माना जाएगा।