सीतापुर। जिले में इस बार एक मार्च से 170 क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद होगी। केंद्रों पर खरीद के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध करा दिए गए हैं। शासन ने इस बार 150 रुपये की बढ़ोतरी करते हुए गेहूं का समर्थन मूल्य 2425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है।
गेहूं खरीद के लिए एक जनवरी से बिक्री पंजीकरण शुरू किया गया था। अभी तक 3,345 किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि किसान गेहूं बिक्री के पहले किसी भी जनसुविधा केंद्र, साइबर कैफे, मोबाइल फोन तथा मोबाइल एप के माध्यम से खाद्य विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण या नवीनीकरण करा सकते हैं। डिप्टी आरएमओ के मुताबिक एक मार्च से खरीद होना प्रस्तावित है।
पिछले वर्ष के सापेक्ष इस बार गेहूं के समर्थन मूल्य में 150 रुपये की वृद्धि कर 2,425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिन किसानों द्वारा पूर्व में पंजीकरण कराया है उन्हें दोबारा पंजीकरण की आवश्यकता नहीं है। केवल जरूरी संशोधन के साथ डेटा लॉक कराना है। बिकी के समय क्रय केंद्रों पर किसान के उपस्थित न होने पर रजिस्ट्रेशन दस्तावेज पर परिवार के नामित सदस्य का विवरण और आधार नंबर फीड कराना आवश्यक है।
क्रय केंद्रों पर भी करा सकते हैं पंजीकरण
डिप्टी आरएमओ उदय प्रताप सिंह के मुताबिक कृषि विभाग द्वारा पांच लाख 31 हजार से अधिक किसानों को एसएमएस भेजकर पंजीकरण कराने के लिए अनुरोध किया गया था। उन्होंने किसानों से अपील की कि अधिक से अधिक किसान बिक्री के लिए पंजीकरण करा लें। उन्होंने यह भी बताया कि एक मार्च से क्रय केंद्रों पर भी किसान भाई पंजीकरण करा सकते हैं।
क्रय केंद्रों का विवरण
संस्था संख्या
खाद्य विभाग 23
पीसीएफ 80
पीसीयू 44
यूपीएसएस 10
भारतीय खाद्य निगम 10
मंडी समिति 03
कोट :
प्रस्तावित तिथि एक मार्च से गेहूं खरीद के लिए सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया गया है, खरीद के लिए केंद्रों पर ई-पाप मशीन के साथ, छलना, कांटा, पंखा तथा बारदाना उपलब्ध करा दिया गया है।
उदय प्रताप सिंह, डिप्टी आरएमओ।