सीतापुर। शरीर झुलसाती तपिश भरी धूप के साथ गर्म हवा के थपेड़ों ने आमजन का सुख चैन छीन लिया है। सूरज की किरणें सुबह से ही आग बरसा रही हैं। उमस भरी गर्मी के कारण पंखे व कूलर भी लोगों को राहत नहीं पहुंचा पा रहे हैं। बुधवार को जिले में अधिकतम तापमान 41 डिग्री व न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक भीषण गर्मी से फिलहाल राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है।
बुधवार की सुबह आठ बजे से ही तेज धूप लोगों को परेशान करने लगी थी। दोपहर होते-होते धूप की तपिश व गर्म हवा के थपेड़ों से आम जनजीवन प्रभावित दिखने लगा। सड़कों पर लोगों की चहलकदमी न के बराबर दिखी। बहुत जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकलने की हिम्मत जुटा सके। झुलसाती गर्मी में प्यास बुझाने के लिए राहगीर पानी, शिकंजी, आम का पना, गन्ने का रस आदि शीतल पेय पदार्थों का सेवन करते नजर आए।
शहर के बाजार में आए उदित कुमार ने बताया कि धूप की तपिश लगातार बढ़ रही है। बुधवार को तपिश से बचने के लिए गमछे से सिर व चेहरा ढ़ककर ही निकलना पड़ा।
दुकानदार संदीप ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण लोगों को न तो घरों, दफ्तरों व दुकानों में और न ही बाहर चैन मिल रहा है। पंखे और कूलर भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं दिला पा रहे हैं। गर्मी का आलम यह है कि हर कोई बेचैन नजर आ रहा है।